कोटा के लिए चार मोटरबाइक दमकलों के प्रस्ताव:लंबे समय से है चार मोटर बाइक दमकलों की दरकार, संकरी गलियों में आग की घटना पर जरूरी

कोटा में गत दिनों मोखापाड़ा इलाके में आग लगी। जिस मकान में आग लगी थी वह संकरी गली में था। दमकल की गाड़ी गली तो गई लेकिन अंदर नहीं जा सकी। बाद में बाल्टियों में पानी भरकर आग को बुझाया गया। इस जगह अगर मोटर बाइक दमकल होती तो आसानी से मकान तक पहुंच हो सकती थी। कोटा में चार मोटरबाइक दमकल का प्रस्ताव भेजा हुआ है लेकिन अब तक दमकलें नहीं मिली है। नगर निगम के फायर अनुभाग में बड़ी दमकलों से लेकर फायर टेंडर और हाइड्रोलिक लेडर समेत करीब तीन दर्जन दमकलें हैं जो बड़ी से बड़ी और बहुमंजिला आग को बुझाने में सहायक है। लेकिन शहर को बरसों से जिन छोटी दमकलों व मोटर बाइक दमकल की आवश्यकता है वह अभी तक भी नहीं मिली। कोटा में पुराने शहर के कई इलाके ऐसे भी हैं जहां रास्ते संकरे हैं और गलियां इतनी तंग हैं कि वहां आग लगने की घटना होने पर दमकल तक नहीं पहुंच सकती। मोखापाड़ा के एक मकान में आग लगने पर ऐसा ही मामला सामने आया। जहां दमकल तो पहुंची लेकिन मकान का रास्ता व गली संकरी होने से घटना स्थल तक नहीं पहुंच सकी। पुराने शहर में पाटनपोल, सरायकायस्थान, रेतवाली, मोखापाड़ा, घंटाघर, चश्मे की बावड़ी, बजाज खाना समेत कई इलाके और बाजार ऐसे हैं जहां दिन के समय भीड़‌भाड़ होने से वहां बड़ी दमकलें नहीं पहुंच सकती। रात के समय भी गलियां व रास्ते संकरे होने पर वहां दमकलों का पहुंचना मुश्किल है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि कोटा शहर में तंग इलाकों व संकरे रास्तों में और मार्केट में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए यहां छोटी दमकलों विशेष रूप से मोटर बाइक दमकलों की आवश्यकता है। उसे देखते हुए काफी समय पहले जब दो नगर निगम थे उस समय ही करीब चार मोटर बाइक दमकलों के प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजे हुए हैं। हालांकि सरकार के स्तर पर आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही मोटर बाइक दमकलें खरीद कर भेजी जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *