करौली के धनीराम को गणतंत्र दिवस परेड का न्योता:दिल्ली में राजस्थान के 10 चयनित किसानों में शामिल

करौली के प्रगतिशील किसान धनीराम को 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस की राष्ट्रीय परेड में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। यह उपलब्धि करौली जिले के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जहांगीरपुर निवासी धनीराम उन 10 चयनित किसानों में से हैं, जिन्हें केंद्र सरकार ने दंपती सहित इस राष्ट्रीय आयोजन में आमंत्रित किया है। उन्हें जैविक खेती को बढ़ावा देने और कृषि में नवाचार अपनाने के लिए यह सम्मान दिया गया है। धनीराम ने जैविक खेती को एक सफल और टिकाऊ मॉडल के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने अपने खेत पर एक जैविक कृषि फार्म विकसित किया है, जहाँ रासायनिक खाद और कीटनाशकों के बिना सब्जियां, अनाज, फल और बागवानी फसलें उगाई जाती हैं। जैविक खेती के माध्यम से उन्होंने भूमि की उर्वरता बनाए रखते हुए किसानों की आय बढ़ाने का मार्ग दिखाया है। उन्हें इस प्रयास के लिए जिला और राज्य स्तर पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है। वे अन्य किसानों को प्रशिक्षण देकर जैविक खेती के प्रति जागरूक भी करते हैं, जिससे क्षेत्र के कई किसान अब जैविक खेती अपना रहे हैं। राष्ट्रीय परेड में शामिल होने के आमंत्रण पर धनीराम ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि सभी मेहनती किसानों का है। उन्होंने जैविक खेती को मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए लाभकारी बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *