जिला कलेक्टर एलएन मंत्री रविवार सुबह अचानक पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया, जहां कुछ डॉक्टर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद कलेक्टर ने हॉस्पिटल के विभिन्न वार्डों का राउंड लिया। निरीक्षण के दौरान हॉस्पिटल परिसर और वार्डों से जुड़े बाथरूम में गंदगी पाए जाने पर जिला कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर हॉस्पिटल प्रबंधन को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मरीजों से इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक लिया। कुछ मरीजों ने सुविधाओं को लेकर शिकायतें भी बताईं, जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद जिला कलेक्टर ने हॉस्पिटल के कार्यवाहक अधीक्षक आरके विश्नोई को व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार लाने, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


