गणतंत्र दिवस पर पाकुड़ में मैराथन दौड़:रंजीत किस्कू और सेलवंती सोरेन बने विजेता, एकता और फिटनेस का दिया संदेश

गणतंत्र दिवस के अवसर पर पाकुड़ में जिला प्रशासन और जिला खेलकूद संघ के संयुक्त तत्वावधान में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और समाज में एकता व सौहार्द का संदेश देना रहा। मैराथन दौड़ को लेकर शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रतिभागी आयोजन स्थल पर जुटे और पूरे जोश के साथ दौड़ में शामिल हुए। हरी झंडी दिखाकर किया दौड़ का शुभारंभ मैराथन दौड़ का शुभारंभ अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, आईटीडीए निदेशक अरुण एक्का, एसडीओ साइमन मरांडी और एसडीपीओ दयानंद आजाद सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ शहर के सिधो-कान्हू मुर्मू पार्क के समीप वीआईपी रोड से शुरू होकर सोनाजोड़ी होते हुए वापस वीआईपी रोड पर समाप्त हुई। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, ताकि प्रतिभागियों को किसी तरह की परेशानी न हो। रंजीत व सेलवंती रहे अव्वल पुरुष वर्ग में होमगार्ड के जवान रंजीत किस्कू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 मिनट 30 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। सुनील टुडू ने 34 मिनट 17 सेकेंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि विनोद सोरेन 35 मिनट 20 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में सेलवंती सोरेन ने 45 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। बहामनी हेंब्रम 46 मिनट के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सुहागिन हांसदा ने 47 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। मतदाता जागरूकता की भी ली गई शपथ मैराथन दौड़ के विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करना और समाज में सकारात्मक माहौल बनाना है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा वर्षों से ऐसे आयोजन किए जाते रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई और स्वीप कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। मौके पर जिला खेलकूद संघ, ओलंपिक संघ, रेड क्रॉस सोसाइटी और विभिन्न विभागों के अधिकारी व खेल संघ से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *