ब्यावर जिले में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ‘फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव’ के तहत ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल के अंतर्गत रविवार को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला कलेक्टर कमलराम मीना ने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, आमजन और कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
साइक्लिंग रैली में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, एसीईओ गोपाल लाल और सब-रजिस्ट्रार श्रीमती आदित्या मेहरा जैसे प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
जिला खेल अधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि रैली में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्काउट-गाइड ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली का समापन राजकीय पटेल विद्यालय परिसर में हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ मतदान के महत्व और जागरूकता को बढ़ावा देना था।


