धौलपुर पुलिस ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने और गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह भव्य पुलिस बैंड वादन कार्यक्रम कोतवाली थाना क्षेत्र के घंटाघर रोड पर हुआ। इसका आयोजन एसपी विकास सांगवान के निर्देशन और एएसपी वैभव शर्मा के सुपरविजन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत और मधुर गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन सुमधुर धुनों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। बैंड वादकों की अनुशासित, लयबद्ध और सामूहिक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। देशभक्ति के इन नगमों से कार्यक्रम स्थल पर देशप्रेम की भावना प्रबल रूप से देखने को मिली, जिसे वहां मौजूद नागरिकों ने खूब सराहा। आकर्षक गणवेश में सुसज्जित पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों ने लोगों के मन पर एक अमिट छाप छोड़ी।
इस अवसर पर पुलिस लाइन धौलपुर के कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा, एल.ओ. मोहन सिंह सहित पुलिस बैंड के अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


