हनुमानगढ़ के टाउन स्थित वार्ड नंबर 35 के सिगलीगर मोहल्ला में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक साहिब में रविवार को साध संगत की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एक साल के कार्यकाल के लिए गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। साध संगत की सहमति से बलकरण सिंह ढिल्लों को गुरुद्वारा श्री गुरु नानक साहिब का प्रधान मनोनीत किया गया। कमेटी में राजेंद्र सिंह खालसा को सभापति चुना गया, जबकि जोगा सिंह डांगी को उपसभापति नियुक्त किया गया। जितेंद्र सिंह खालसा को कोषाध्यक्ष और गुरदास सिंह डांगी को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सुखदेव सिंह और प्रेम कुमार पार्षद को उपप्रधान, अमर सिंह को सचिव तथा मंदर सिंह और सूरज सिंह को सहसचिव बनाया गया है। लंगर व्यवस्था के लिए रेशम सिंह, सुभाष सिंह, सिकंदर सिंह, सुनील कुमार अग्रवाल, गुरदास सिंह और मनजीत सिंह को लंगर प्रबंधक नियुक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता शहीद बाबा सुखा सिंह–मेहताब सिंह के मुख सेवादार बाबा जग्गा सिंह और गुरुद्वारा गुरु नानकसर प्रेमनगर के प्रधान गुरबूटा सिंह बराड़ ने की। बैठक को संबोधित करते हुए बाबा जग्गा सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा केवल इबादत का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा का केंद्र है। उन्होंने नई कमेटी से गुरुद्वारा के शेष निर्माण कार्यों को पूर्ण करने, गुरु पर्वों को भव्य रूप से मनाने तथा युवाओं को गुरु इतिहास से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और गुरु ग्रंथ साहिब के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया। बैठक के अंत में नवगठित कमेटी का साध संगत की ओर से स्वागत किया गया। गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास कर सभी के सुख-शांति की कामना की गई।


