गुर्जर समाज ने निकाली भगवान देवनारायण की शोभायात्रा:डीग में 1114वें जन्मोत्सव पर पुरुष-महिलाएं हुए शामिल

डीग शहर में रविवार को भगवान देवनारायण की 1114वीं जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा को एडवोकेट आनंद प्रकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शोभायात्रा दिल्ली दरवाजा स्थित राजराजेश्वर मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद यह डीग शहर के मुख्य बाजार, घंटाघर, लोहा मंडी, नई सड़क और पुराना बस स्टैंड स्थित गणेश जी मंदिर होते हुए आगे बढ़ी। शोभायात्रा में पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। इसमें विभिन्न प्रकार की झांकियां भी थीं, और डीजे, बैंड तथा ढोल-नगाड़ों के साथ लोग भगवान देवनारायण के भजनों पर नाचते हुए चल रहे थे। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। डीग शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए। गुर्जर समाज द्वारा भगवान देवनारायण का जन्मोत्सव हर वर्ष बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है, और इसी उपलक्ष्य में यह शोभायात्रा निकाली जाती है। समाज के लोगों में इस यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *