बारां शहर के मांगरोल बाईपास पर प्रस्तावित 80 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाए गए। नगर परिषद की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। यह अभियान सुबह से ही जारी रहा। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस और परिषद के अधिकारियों ने समझाइश कर स्थिति को शांत किया। कार्यवाहक आयुक्त भुवनेश मीणा ने बताया कि मांगरोल बाईपास रोड पर सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई 80 फीट है। मास्टर प्लान के अनुसार, सड़क निर्माण के दोनों ओर रोड सेंटर से 40 फीट के दायरे में कई पक्के निर्माण, घर और दुकानें आ रहे थे। इन अतिक्रमणों को हटाने के लिए भवन मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। अधिकांश दुकान और भवन मालिकों ने स्वयं ही अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा दिए थे, लेकिन लगभग 7 भवन मालिकों ने निर्माण सीमा में आ रहे अतिक्रमणों को नहीं हटाया था। इन्हीं अतिक्रमणों को हटाने के लिए आज आरएसआरडीसी और पुलिस टीम के साथ परिषद के अतिक्रमण दस्ते ने कार्रवाई की। विरोध जताने वाले लोगों से डीएसपी हरिराम सोनी, सीआई योगेश चौहान, आयुक्त भुवनेश मीणा और अतिक्रमण प्रभारी एनएल स्वामी ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।


