गुना में गणतंत्र दिवस पर ट्रैफिक बदला:सुबह 6 से रात 3 बजे तक भारी वाहन बैन; लाल परेड ग्राउंड पर प्रभारी मंत्री फहराएंगे तिरंगा

गुना शहर में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। लाल परेड मैदान पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। शहर में सुबह 6 बजे से रात 3 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने गाइडलाइन जारी की है। पंचमुखी हनुमान मंदिर कैंट और नानाखेड़ी मंडी गेट से जज्जी बस स्टैंड तक यात्री बसों, ट्रक और डंपर जैसे भारी वाहनों का शहर में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ग्वालियर और शिवपुरी की ओर से गुना आने वाली यात्री बसें ‘दो खंबा बायपास’ से चिंताहरण होते हुए जज्जी बस स्टैंड पहुंच सकेंगी। इसी तरह गुना से बाहर जाने वाली बसें भी चिंताहरण से हाईवे बायपास रोड होते हुए अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी। दशहरा मैदान में होगी पार्किंग लाल परेड मैदान पर कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहे से गोपालपुरा रोड का रास्ता निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में आने वाले सभी नागरिकों के दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग अनिवार्य रूप से दशहरा मैदान में कराई जाएगी। कंट्रोल रूम से आगे वाहन नहीं जाएंगे पुलिस कंट्रोल रूम (मुख्य द्वार), जेल तिराहा और चटक चौराहा प्रमुख कट-ऑफ प्वाइंट रहेंगे। इन प्वाइंट्स से आगे लाल परेड ग्राउंड की ओर किसी भी प्रकार के आम वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। परेड क्षेत्र और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। हालांकि, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस-प्रशासनिक वाहनों को आपात स्थिति में प्राथमिकता के साथ प्रवेश दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *