हरदा में नर्मदा जयंती पर भव्य शोभायात्रा:नर्मदीय ब्राह्मण समाज ने अवैध खनन रोकने और नर्मदा संरक्षण का दिया संदेश

हरदा में नर्मदा जयंती के अवसर पर नर्मदीय ब्राह्मण समाज ने रविवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। समाज ने अपनी आराध्य देवी मां नर्मदा का प्रकटोत्सव हर्षोल्लास से मनाया। इस दौरान सरकार से नर्मदा नदी में हो रहे अवैध खनन को रोकने और नदी को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। शोभायात्रा नेहरू पार्क से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए खेड़ीपुरा स्थित धर्मशाला पहुंची। इसमें विभिन्न झांकियों के माध्यम से नर्मदा नदी में दाह संस्कार पर रोक लगाने, अवैध उत्खनन बंद करने, पर्यावरण और स्वच्छता बनाए रखने तथा देशभक्ति का संदेश दिया गया। समाज की महिलाएं और पुरुष हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से नर्मदा नदी को बचाने की अपील करते दिखे। महिला संगठन की अध्यक्ष किरण काशिव ने कहा कि नर्मदा नदी हजारों परिवारों को पीने का पानी और किसानों को सिंचाई के लिए जल प्रदान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया इसे छलनी कर रहे हैं, जिससे सभी की भावनाएं आहत हो रही हैं। काशिव ने सरकार से इस दिशा में कड़े कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मां नर्मदा को छप्पन भोग लगाया
नर्मदीय ब्राह्मण समाज के मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर ने सुझाव दिया कि सरकार को नर्मदा नदी को बचाने के लिए एक अलग मिशन शुरू करना चाहिए। उन्होंने नर्मदा नदी के संरक्षण हेतु जन जागरण अभियान चलाने की बात कही, ताकि सामूहिक प्रयासों से नदी को विलुप्त होने से बचाया जा सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। शोभायात्रा से पहले धर्मशाला में सामाजिक बंधुओं ने एकत्रित होकर मां नर्मदा का विधि-विधान से अभिषेक और पूजा-अर्चना की, जिसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। शाम को धर्मशाला में मां नर्मदा को छप्पन भोग लगाया गया। ट्रस्टी राजेंद्र गुहा ने बताया कि गंगा की तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शामिल महिलाओं के लिए लकी ड्रा भी रखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *