निवाड़ी में चचेरे भाइयों की एक साथ लगी सरकारी नौकरी:कपिल CISF और कृष्णकांत CRPF में सिलेक्ट; मां बोलीं- बेटे की तपस्या सफल हुई

निवाड़ी जिले के कुंवरपुरा गांव के दो सगे चचेरे भाइयों, कपिल और कृष्णकांत प्रजापति ने अपनी मेहनत के दम पर सफलता पाई है। तमाम अभावों और आर्थिक तंगी के बीच संघर्ष करते हुए कपिल का चयन CISF में और कृष्णकांत का चयन CRPF में हुआ है। दोनों भाइयों की इस कामयाबी से पूरे गांव में खुशी है। कपिल ने SSC GD की फरवरी 2024 में परीक्षा दी थी, जिसके बाद 2025 जनवरी में रिजल्ट आया, लेकिन कपिल का नाम डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में वेटिंग में चला गया और अब दिसंबर 2025 में नाम आया। वहीं कृष्णकांत ने फरवरी 2025 में परीक्षा दी थी, जिसके बाद जनवरी 2026 में रिजल्ट आया। दोनों युवाओं के परिवारों की माली हालत काफी तंग थी। दोनों के पिता मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। घर में संसाधनों की भारी कमी थी, इसलिए किसी महंगे कोचिंग में जाने का तो सवाल ही नहीं था। ऐसे में कपिल और कृष्णकांत ने हार नहीं मानी और यूट्यूब के साथ-साथ सेल्फ-स्टडी को अपना हथियार बनाया। घर पर ही रहकर दोनों ने अपनी तैयारी पूरी की। 5 बार मिली असफलता पर नहीं खोया धैर्य कपिल के लिए यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं था। वे इससे पहले सेना, आरपीएफ, एमपी पुलिस और एसएससी जैसी पांच अलग-अलग परीक्षाओं में शामिल हुए, लेकिन कभी मेडिकल तो कभी तकनीकी वजहों से फाइनल लिस्ट से बाहर हो गए। कपिल का कहना है कि सफलता पाने के लिए ‘निरंतरता’ सबसे ज्यादा जरूरी है, चाहे रास्ते में कितनी भी रुकावटें क्यों न आएं। सड़क पर दौड़कर पक्का किया वर्दी का सपना फिजिकल ट्रेनिंग के लिए गांव में न तो कोई ग्राउंड था और न ही कोई कोच। दोनों भाई रोज तड़के 4 बजे उठ जाते थे और गांव की पक्की सड़क पर ही दौड़ लगाकर अभ्यास करते थे। खुद की बनाई रणनीति और कड़ी प्रैक्टिस के दम पर उन्होंने फिजिकल टेस्ट पास किया। मां-पिता की आंखों में आए खुशी के आंसू जब दोनों बेटों का रिजल्ट आया तो पिता प्रमोद अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में यह पहली सरकारी नौकरी है और उनके बेटे ने उनसे भी ज्यादा मेहनत की है। वहीं मां पुष्पा ने भावुक होकर कहा कि बेटे की तपस्या सफल हो गई। उन्होंने अपने बेटे को दिन-रात संघर्ष करते देखा था, आज जब उसने वर्दी पहनी तो उनकी बरसों की मेहनत साकार हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *