देशभर के 20 से अधिक पक्षी विशेषज्ञ नए पक्षियों की दलमा में तलाश करेंगे, लोगों को संरक्षण की जानकारी देंगे

दलमा आज से तीन दिन रंग-बिरंगी पक्षियों से गुलजार रहेगा। रविवार से शहरवासी के साथ-साथ पक्षी प्रेमी दलमा में रहने वाले दुनिया के सबसे खूबसूरत पक्षियों में से एक इंडियन पिट्टा (नवरंग) से रू-ब-रू होंगे। यह एक रंगीन छोटी पूंछ वाला पक्षी है। इस पक्षी के शरीर पर नौ रंग होते हैं। इसके अलावा हेलमेट वाला पक्षी, इंडियन ईगल, ग्रीन पिजन समेत अन्य आकर्षक पक्षियों का दीदार कर सकेंगे। यह सब दलमा में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित झारखंड के पहले बर्ड फेस्टिवल (पक्षी महोत्सव) के दौरान देखने को मिलेगा। महोत्सव में देश-भर के 20 से अधिक पक्षी विशेषज्ञ दलमा में नए पक्षियों की खोज करेंगे। दलमा में 100 से अधिक प्रजाति के पक्षी निवास करते हैं। महोत्सव में शामिल होने वाले विशेषज्ञ नए पक्षियों की खोज के अलावा पक्षी प्रेमियों को पक्षियों के बारे में जानकारी देंगे। पक्षी प्रेमियों को पक्षियों के संरक्षण, उनके आहार और व्यवहार की जानकारी दी जाएगी। महोत्सव में 150 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन दिया है। वहीं, इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला प्रदर्शन और सवाल-जवाब के सत्र भी आयोजित होंगे। पहली बार हो रहा आयोजन महोत्सव में देश के जाने माने पक्षी विशेषज्ञ डॉ. विजया भरत, विस्मोयाल रंजन पति, डॉ. मिथिलेश द्विवेदी, सुब्रत बसक, ब्रिगेडियर अमर नारायण सिंह के अलावा 20 से अधिक पक्षी विशेषज्ञ भाग लेंगे। डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया- पहली बार पक्षी महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसका उद्देश्य पक्षियों का संरक्षण करना व उनकी संख्या बढ़ाना है। विशेषज्ञ दलमा में घूम-घूम कर नए पक्षियों की तलाश करेंगे। फिलहाल दलमा में इंडियन पिटा, पाइड हॉर्नबिल, फॉरेस्ट वेक्टर, डार्क साइडर, ओरिएंटल पाइड हॉर्नबिल, अमूर फाल्कन, इंडियन ईगल, इंडियन नाइट जार, येलो फुटेड ग्रीन पिजन आदि पक्षी निवास करते हैं। दलमा में पूरी हो चुकी है बर्ड फेस्टिवल की तैयारी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *