करौली जिले के मंडरायल कस्बे में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 5100 महिलाओं ने भाग लिया। यह यात्रा उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडरायल से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए आदर्श विद्या मंदिर मंडरायल तक पहुंची। सम्मेलन के दौरान सवाईमाधोपुर विभाग के सहविभाग कार्यवाह समय सिंह ने बौद्धिक उद्बोधन दिया। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर हिंदू समाज की एकता को सशक्त बनाने के लिए पंच परिवर्तन को अपनाने का आह्वान किया। समय सिंह ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी के प्रति जागरूकता और नागरिक शिष्टाचार को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न संतजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेविका समिति की डॉ. वंदना चौधरी, सह-जिला कार्यवाह धर्मेन्द्र सिंह, विभाग कार्यकर्ता नरेश सिंह, जिला बौद्धिक शिक्षण प्रमुख शान्तनु, चंद्रपाल सिंह, गजेन्द्र सिंह, रामकुमार और राजू सिंह सहित हिंदू सम्मेलन समिति के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की।


