सदर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले चंद्रपुरा स्टैंड पर रविवार को एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। यहां छानी (पशुओं का चारा) की कटाई के दौरान थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों के होश उड़ गए। जानकारी के अनुसार, मृतक राकेश (50), निवासी बड़ा भड़ौंदा है। घटना के समय राकेश अपने दो अन्य साथी मजदूरों के साथ चंद्रपुरा स्टैंड के पास थ्रेसर मशीन से पशु चारा ( छानी ) की कटाई कर रहा था। काम के दौरान अचानक राकेश का शरीर मशीन के घूमने वाले हिस्से (कटर) के बेहद करीब आ गया और पलक झपकते ही मशीन ने उसे अंदर खींच लिया। मौके पर मची चीख-पुकार मशीन में फंसते ही राकेश की चीख निकल गई, जिसे सुनकर साथ काम कर रहे मजदूर और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। जब तक मशीन को बंद किया जाता, तब तक राकेश दम तोड़ चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत इस हादसे की सूचना स्थानीय सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को मशीन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।


