नमस्कार, ये है, इंदौर में आज की 10 बड़ी खबरें। अब आप रोज शाम 5 बजे एक ही जगह पर शहर की दिन भर की बड़ी खबरें पढ़ सकते हैं। कब क्या हुआ, इसकी सारी जानकारी यहां मिलेगी। राजनीति से लेकर हर दिन होने वाले बड़े इवेंट, हादसे, कार्यक्रम सबकुछ… 1. दूषित पानी से कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष की मौत इंदौर में दूषित पानी से 28वीं मौत हुई है। भागीरथपुरा निवासी रिटायर्ड शिक्षक राजाराम बौरासी (75) ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बौरासी कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष भी थे। परिजन ने बताया कि राजाराम बौरासी को शुक्रवार को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। हालत बिगड़ने पर पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद शनिवार सुबह उन्हें सरकारी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पढ़िए पूरी खबर। 2. इंदौर में MPPSC के खिलाफ आंदोलन इंदौर में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के सामने अभ्यर्थियों ने एक बार फिर शनिवार देर रात से आंदोलन शुरू कर दिया है। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन (NEYU) के नेतृत्व में आयोग कार्यालय के बाहर धरना दिया जा रहा है। 10 सूत्री मांगों को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अगले चार दिन तक जारी रहेगा। पढ़िए पूरी खबर। 3. महू के सिमरोल में 7 KM लंबा जाम महू के पास सिमरोल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। तलाई नाके से लेकर भेरू घाट के आगे तक करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दरअसल, नर्मदा जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओंकारेश्वर की ओर जा रहे थे, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पढ़िए पूरी खबर। 4. सड़क निर्माण में खोदे गए गड्ढे में गिरी युवती इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में शनिवार रात एक युवती स्कूटर सहित सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद वह काफी देर तक वहीं बेसुध पड़ी रही। राहगीरों की नजर पड़ने पर उसे बाहर निकाला गया, जबकि बाद में स्कूटर को भी गड्ढे से बाहर निकाला गया। घटना स्कीम नंबर-51 स्थित कचरा स्टेशन के पास की है। पढ़िए पूरी खबर। 5. संदिग्ध अवस्था में युवक की मौत इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने क्लिनिक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। पढ़िए पूरी खबर। 6. महिला सुरक्षा गार्ड की गला घोंटकर हत्या, CCTV में दिखे संदिग्ध इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग में एक महिला सुरक्षा गार्ड गायत्री कुर्मी का शव उसके घर में मिला था। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। वह सुबह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थी, तभी वारदात को अंजाम दिया गया। महिला के हाथ और पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। दो संदिग्ध सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं। पढ़िए पूरी खबर। 7. भिक्षावृत्ति छोड़कर आत्मनिर्भर बने इंदौर के 3 भिक्षुक इंदौर ने एक बार फिर देशभर में मिसाल कायम की है। भिक्षावृत्ति मुक्त शहर बनने की दिशा में किए गए प्रयासों के चलते इंदौर के 3 ऐसे भिक्षुक, जिन्होंने भीख मांगने का जीवन छोड़कर आत्मनिर्भरता की राह चुनी, अब गणतंत्र दिवस 2026 की परेड में कर्तव्य पथ पर ‘विशिष्ट अतिथि’ के रूप में शामिल होंगे। पढ़िए पूरी खबर। 8. भंवरकुआ में छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट इंदौर के भंवरकुआ इलाके में छात्रों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि किराए की कार में हुई टूट-फूट के बदले रुपए मांगने को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। पढ़िए पूरी खबर। 9. इंदौर पुलिस कमिश्नर सहित 4 पुलिस अफसरों को राष्ट्रपति पदक 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, फायर, होमगार्ड व अन्य सेवाओं के लिए पदकों की घोषणा कर दी है। इसमें मध्य प्रदेश के लिए यह उपलब्धि खास रही है। जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक (PSM) और सराहनीय सेवा पदक (MSM) से सम्मानित किया जाएगा। पढ़िए पूरी खबर। 10. शाहरुख का एक करोड़ का घोड़ा मुर्तजिल बना चैंपियन इंदौर में पहली बार दो दिवसीय सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो की शुरुआत हुई। इस आयोजन में देश के 7 राज्यों से 200 से अधिक मारवाड़ी और नूकरा नस्ल के घोड़े शामिल हुए हैं। यह न केवल इंदौर, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में पहली बार हो रहा ऐसा अनोखा हॉर्स शो है। घोड़ों की शान, चाल, बनावट और ट्रेनिंग के आधार पर कई कैटेगरी में प्रतियोगिताएं की जा रही हैं। पहले दिन मिल्क टीथ, टू टीथ (दो दांत) और मेयर कैटेगरी की स्पर्धाएं हुईं। पढ़िए पूरी खबर।


