गुर्जर समाज ने देवनारायण जयंती पर निकाली शोभायात्रा:100 से अधिक गांवों के हजारों श्रद्धालु शामिल, 24 घुड़सवार हाथों में धर्मध्वजा थामे दिखे

गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण महाराज की जयंती रविवार को पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर सकल गुर्जर समाज की ओर से शहर में शोभायात्रा निकाली, जिसमें जिले के 100 से अधिक गांवों के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। नाचते-गाते और जयकारे लगाते समाज बंधुओं से शहर की सड़कें केसरिया रंग में रंगी नजर आईं। शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर 2 बजे नवाबांस मोहल्ला स्थित श्री मुरलीमनोहर मंदिर से हुई। यात्रा में सबसे आगे भगवान के दूतों के रूप में 24 अश्व सवार हाथों में धर्मध्वजा थामे चल रहे थे, जिन्हें देखना लोगों के लिए खास अनुभव रहा। भगवान देवनारायण को एक सुंदर रथ में विराजित किया गया था, जिसकी जगह-जगह आरती उतारी गई। भजनों की धुन पर झूमा समाज जैसे-जैसे शोभायात्रा जयस्तंभ चौक, सूबात चौराहा और मुख्य बाजार से गुजरी, पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। “देवजी का मेड़ा में नाच लेबा दे” जैसे भजनों पर युवा और महिलाएं जमकर थिरके। रास्ते भर में 20 से ज्यादा जगहों पर सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान जगह-जगह लोगों के लिए जलपान और शर्बत की व्यवस्था भी की गई थी। महाआरती और भंडारे के साथ समापन शाम को शोभायात्रा स्टेडियम के पीछे स्थित देवनारायण मंदिर पहुंची, जहां हजारों लोगों की मौजूदगी में महाआरती की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण सहित कई लोगों ने भी भगवान का आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद देर रात तक मंदिर परिसर में भंडारा चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *