भाजपा के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने वीबी जीराम जी योजना को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। हनुमानगढ़ में जिला कार्यालय में रविवार को उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कानून से घबराई हुई है और सस्ती लोकप्रियता के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। मेघवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी रामजी के अस्तित्व को स्वीकार नहीं कर पाई है और इसी मानसिकता के तहत वह इस कानून का विरोध कर रही है। ‘दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना’
उन्होंने कहा कि वीबी जीराम जी एक्ट पूरी तरह किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के हित में बनाया गया है। यह दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना है, जिसमें अब आजीविका की स्पष्ट और मजबूत गारंटी दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले जहां 100 दिन के रोजगार का प्रावधान था, अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है।
मेघवाल ने यह भी बताया कि योजना का पूरा क्रियान्वयन ऑनलाइन होगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने इस बिल का मसौदा तक नहीं पढ़ा और बिना तथ्य जाने इसका विरोध कर रही है। ‘विपक्ष फैला रहा झूठ’
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि विपक्ष यह झूठ फैला रहा है कि मनरेगा को बंद किया जा रहा है, जबकि वास्तव में इस योजना को और अधिक सशक्त बनाया गया है और बड़े बजट के साथ लागू किया गया है।
जन जागरण अभियान के जिला संयोजक सुशील गोदारा ने कहा कि यदि किसी कारण रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाता है तो संबंधित व्यक्ति को वेतन भत्ता भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि कृषि प्रधान जिला होने के कारण हनुमानगढ़ को इस योजना से विशेष लाभ मिलेगा।
इस दौरान भाजपा नेता अमित चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, महामंत्री प्रदीप ऐरी, मन की बात कार्यक्रम की जिला प्रभारी उषा वधवा और सहसंयोजक विक्रम भी मौजूद रहे।


