नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:10 टन विस्फोटक के साथ तस्कर गिरफ्तार, सरहद हरसौर में दी दबिश

नागौर जिले की थांवला थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध विस्फोटक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम सरहद हरसौर स्थित एक खेत में बने मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने 58 वर्षीय आरोपी सुलेमान खान पुत्र करीम खान को गिरफ्तार किया है, जो इसी क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ​इस पूरी कार्रवाई को जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। पुलिस की स्पेशल टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध विस्फोटकों का भंडारण किया गया है। सूचना को पुख्ता करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। मौके से करीब 9550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया है, जिसे 187 कट्टों में भरकर रखा गया था। ​बरामद किए गए सामान में अमोनियम नाइट्रेट के अलावा भारी मात्रा में डेटोनेटर और फ्यूज वायर भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 9 कार्टून डेटोनेटर, 12 कार्टून और 15 बंडल नीली बत्ती वायर, 12 कार्टून और 5 बंडल लाल बत्ती वायर सहित बड़ी संख्या में गुल्ले और लकड़ी के कार्टून में रखे अन्य विस्फोटक उपकरण जब्त किए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि यह सामग्री कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल कहां होना था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *