जिले में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” रखी गई। कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा के सेमिनार हॉल में हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यशवंत कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में हर वोट का बहुत महत्व होता है। यदि नागरिक मतदान नहीं करते हैं, तो उन्हें ऐसे फैसले स्वीकार करने पड़ते हैं जिनमें उनकी कोई भूमिका नहीं होती। उन्होंने सभी नागरिकों से बिना किसी डर और दबाव के मतदान करने की अपील की और नए मतदाताओं को बधाई दी। चुनाव BLO को किया गया सम्मानित इस अवसर पर युवा मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र वितरित किए गए। साथ ही जिले की सातों विधानसभाओं से 21 बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय के 54 कर्मचारी और जिला निर्वाचन कार्यालय के 30 अधिकारी-कर्मचारियों को बेहतर निर्वाचन कार्य के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण निर्वाचन कराने तथा बिना किसी प्रलोभन के मतदान करने की शपथ दिलाई गई।


