डीडवाना-कुचामन जिले में राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई। डीडवाना उपखंड कार्यालय परिसर में देश की पहली ‘बीएलओ वॉल’ का लोकार्पण किया गया। यह नवाचार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत के मार्गदर्शन में हुआ, जिसका उद्घाटन एसपी ऋचा तोमर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह ‘बीएलओ वॉल’ विशेष रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगे बीएलओ के योगदान को सम्मानित करने और उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस वॉल पर जिले में एसआईआर कार्य में सक्रिय सभी बीएलओ के नाम और उनके गांवों के नाम अंकित किए गए हैं, जिससे उनके परिश्रम और समर्पण को स्थायी पहचान मिल सके। यह पहल न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में अपनी तरह की पहली मानी जा रही है, जिसकी सराहना मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर पर भी की गई है। सभी बीएलओ रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान एसआईआर कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी बीएलओ उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला कलेक्टर खड़गावत, एसपी तोमर और एडीएम मोहनलाल ने नवीन मतदाताओं का सम्मान किया और उन्हें एपिक कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी को और मजबूत किया जा सके। बीएलओ ने इस अभिनव पहल की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पहली बार उनके कार्य को इस स्तर पर पहचान और सम्मान मिला है। बीएलओ ने इसे अपने लिए नई ऊर्जा का स्रोत बताते हुए भविष्य में और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।


