भास्कर न्यूज | जालंधर स्पेशल सेल की टीम ने तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को पकड़ कर उनसे 55 ग्राम हेरोइन बरामद की है। थाना-6 में बशीरपुरा के मोहल्ला आजमगढ़ के रहने वाले अजीत सिंह राजू, अमृतसर के सुल्तानविंड के कीरत सिंह और शहीद भगत सिंह कॉलोनी के दीपक शर्मा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज जसपाल सिंह को सूचना मिली थी कि बस अड्डे के पास हेरोइन सप्लाई करने आया है। टीम ने अजीत को पांच ग्राम हेरोइन समेत पकड़ा। अजीत मूल रूप से मक्खू का रहने वाला है और सिटी में किराये के घर में रहकर नशा बेच रहा था। अजीत ने खुलासा किया कि हेरोइन उसने दीपक से ली है। एएसआई अवतार सिंह ने टीम के साथ कार में आ रहे दीपक को पकड़ कर उससे 50 ग्राम हेरोइन बरामद की। दीपक ने खुलासा किया था कि उसे सप्लाई कीरत सिंह ने दी थी। टीम ने उसे भी पकड़ लिया। पुलिस कीरत से पूछताछ कर रही है ताकि पूरा नेटवर्क ब्रेक किया जा सके।


