दौसा जिला मुख्यालय के 27 केन्द्रों पर आरएएस प्री परीक्षा रविवार दोपहर 12 से 3 बजे तक होगी। जिसमें 10 हजार 488 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इसके लिए 9 परीक्षा केन्द्र सरकारी और 18 प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पुलिस भी सतर्क है। एसपी रंजिता शर्मा के निर्देश पर शनिवार को डिप्टी एसपी रवि प्रकाश शर्मा व आरआई जगदीश तंवर ने पुलिस लाइन में समीक्षा बैठक की। जिसमें आरएएस-प्री परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं सुचारू संचालन के लिए कानून व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में परीक्षा सुरक्षा, केंद्रों पर विशेष निगरानी, साइबर सेल की सक्रियता, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मेटल डिटेक्टर एवं बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कानून व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा नकल-विरोधी सख्त कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी परीक्षा केंद्रों की पूर्व निरीक्षण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस रणनीति बनाई जाए तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


