दौसा जिले में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस द्वारा एक दिन का एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। एसपी रंजीता शर्मा ने बताया कि 302 पुलिसकर्मियों की 56 टीमों ने अलग-अलग 270 जगहों पर दबिश देकर कार्रवाई करते हुए 121 अपराधियों को गिरफ्तार कर 9 मामले दर्ज किए हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट लूट, डकैती, हत्या का प्रयास समेत अन्य मामलों में वांटेड हैं। जिनकी पिछले लंबे समय से पुलिस द्वारा तलाश की जा रही थी। ऐसे में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। एसपी ने बताया कि एरिया डोमिनेशन अभियान की कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, जिससे कि अपराधियों को भनक लगने से वे फरार नहीं हो सकें। टीमों द्वारा एक ही समय पर अलग-अलग जगहों पर दबिश देने से बदमाशों में खलबली मच गई। जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि एरिया डोमिनेशन अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में विश्वास-अपराधियों में भय की थीम पर है। जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी रहे और समाज में भयमुक्त वातावरण बने। अभियान में एएसपी लोकेश सोनवाल, दिनेश अग्रवाल समेत जिले के पुलिस अधिकारी व टीम शामिल रही।


