डीग जिले की खोह थाना पुलिस ने 3 साइबर ठगों को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 5 फर्जी सिम, 5 मोबाइल और 3 ATM कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं के कपड़े बेचने का विज्ञापन डालते थे। उसके बाद वह लोगों से पैसे गेमिंग एप्लिकेशन पर डलवा कर उन्हें खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। उसके बाद उन पैसों को ATM से निकाल लेते हैं। खोह थाना अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर के जरिये सूचना मिली थी कि मोनाका से चुल्हेरा जाने वाले रास्ते पर 3 युवक मोबाइल से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। युवक पुलिस को देख खेतों में भागने लगे। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पकड़ा। आरोपियों ने अपना नाम आदिल, अकरम, मोहिन निवासी चुल्हेरा गांव होना बताया। आरोपियों की तलाशी ली गई तो, उनके पास 5 फर्जी सिम और 5 फर्जी मोबाइल और 3 ATM कार्ड मिले। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी के मोबाइल और फर्जी सिम से सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाते हैं। उसके बाद वह उन्हीं अकाउंट से साड़ी, सूट, लेडीज कपड़ें बेचने का विज्ञापन डालते हैं। जब लोग उनसे संपर्क करते हैं तो, वह गेमिंग एप्लिकेशन पर उनसे पैसे डलवा लेते हैं और पैसों को खातों में ट्रांसफर कर उन्हें निकाल लेते हैं।


