पंजाब के जालंधर में 11 और 12 फरवरी को श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रकाश उत्सव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा दोनों दिन मांस और शराब की दुकानों को बंद करने का ऐलान किया है। 12 फरवरी को श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। इसे लेकर ये फैसला लिया गया है। 11 फरवरी को प्रकाश पर्व को लेकर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट जालंधर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा- 12 फरवरी को श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाशोत्सव तथा इस संबंध में 11 फरवरी को विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा निकाली जा रही शोभा यात्रा के मद्देनजर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 11 एवं 12 फरवरी 2025 को जुलूस के मार्ग एवं जुलूस स्थल के निकट मांस एवं मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।


