कोटपूतली जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने रविवार को राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल कोटपूतली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से संवाद कर दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने मेडिकल इमरजेंसी, ट्रोमा सेंटर, ब्लड बैंक, आईसीयू, डायलिसिस, एसएनसीयू, एमसीएच, सोनोग्राफी, आईपीएचएल लैब, रामाश्रय और दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने रोगियों एवं तीमारदारों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने अस्पताल में आने वाले रोगियों को निशुल्क दवा और निशुल्क जांच जैसी सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए, कलेक्टर ने वार्डों में रोगियों के बिस्तरों की चादरों को नियमित रूप से बदलने और नियमित सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए भी निर्देशित किया। कलेक्टर ने वार्डों में भर्ती रोगियों से व्यक्तिगत रूप से बात की और उन्हें दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अस्पताल में बनाए गए औषधि पार्क का अवलोकन किया और चिकित्सा प्रशासन की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर, पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 2.5 से 3 हजार ओपीडी और लगभग 175 आईपीडी चल रही है। संस्थान में संचालित आईपीएचएल लैब में 107 प्रकार की जांचें की जा रही हैं, जिनकी संख्या प्रतिमाह 60 हजार तक पहुंच जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में 24×7 ईसीजी सुविधा उपलब्ध है और प्रतिमाह 1300 ईसीजी की जा रही हैं। डॉ. गुर्जर ने जानकारी दी कि अस्पताल में संचालित एमएनडीवाई स्टोर में मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी (दवा) योजना के तहत 618 प्रकार की दवाइयां, 178 प्रकार के सर्जिकल आइटम और 53 प्रकार के सूचर्स उपलब्ध हैं। इस निरीक्षण के दौरान डीएनओ रविकांत जांगिड़ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


