भास्कर न्यूज | जामताड़ा 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रविवार को जामताड़ा जिले में संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के तहत जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत रानीसती मंदिर परिसर से हुई और यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी मैदान तक पहुंची। रैली का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में मतदाता जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे लगाए गए और लोगों को अपने मताधिकार के महत्व की जानकारी दी गई। गांधी मैदान में आयोजित समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों और नागरिकों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार मतदान की शपथ दिलाई।


