भास्कर न्यूज | जामताड़ा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा के तत्वावधान में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता राजा अजित कुमार सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शहर के प्रमुख डांस ग्रुप्स व डांस एकेडमियों के कलाकारों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को देशप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। सेंट एंथोनी स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल, नेशनल एकेडमी, ज्ञानोदय विद्या निकेतन, डीएवी, नृत्य झंकार डांस एकेडमी, विक्टर डांस एकेडमी, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों एवं डांस एकेडमियों के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षक दुर्गादास भंडारी ने किया। डांस प्रतियोगिता की एकल एवं समूह श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 24 जनवरी को आयोजित प्रश्नमंच एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए।


