भास्कर न्यूज | साहिबगंज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 एवं 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, साहेबगंज की ओर से जागरूकता कार्यक्रमों के तहत सड़क सुरक्षा मैराथन दौड़ एवं साइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेवासियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में प्रशासनिक पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए सड़क सुरक्षा मैराथन दौड़ का आयोजन साक्षरता चौक से सिदो-कान्हु स्टेडियम तक किया गया। वहीं 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बालक एवं बालिका वर्ग के लिए साक्षरता चौक से सिदो-कान्हु स्टेडियम तक साइकिल रैली निकाली गई। कार्यक्रम के दौरान सिदो-कान्हु स्टेडियम में जिला निर्वाचन कार्यालय, साहेबगंज द्वारा जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू के द्वारा नए मतदाताओं के बीच मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।


