भास्कर न्यूज | अमृतसर शिअद सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि प्रदेश में सरकार के नाम पर ड्रामेबाजी चल रही है। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुई हरसिमरत ने कहा कि सरकार के नाम पर पंजाब में नौटंकी चल रही हैं। ऑपरेशन प्रहार केवल प्रचार तक सीमित है, जबकि हकीकत में सरकार लॉ एंड ऑर्डर और नशे तस्करों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल रही है। आप सरकार ने 4 साल में 1000 रुपए प्रति महिला देने को लेकर सिर्फ ड्रामेबाजी ही की है। सरकार के समस्त आश्वासन झूठे साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि अपराधियों की धरपकड़ के नाम पर निर्दोष युवाओं को गिरफ्तार कर जेल में धकेल कर पुलिस वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में गैंगस्टरों का सफाया हो चुका है तो फिर रोजाना हत्याएं और लूट की घटनाएं क्यों हो रही हैं।


