भास्कर न्यूज | अमृतसर निगम ने शहरी जनगणना को लेकर 85 वार्डों में ब्लॉक तैयार करने के लिए 45 जेई और 3 एटीपी की ड्यूटी लगाई है। जेई को 2-2 वार्ड तो किसी को 1-1 वार्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ब्लॉक तैयार करने को लेकर रिहायशी के लिए 800 आबादी पर 180 घरों का ब्लॉक बनाया है, जबकि व्यापारिक को लेकर 180 मकानों का एक ब्लॉक रहेगा। इसमें आबादी वाला फैक्टर शामिल नहीं किया गया है। सभी वार्डों में मार्च तक ब्लॉक तैयार कर फाइनल रिपोर्ट सौंपनी होगी। चूंकि 1 अप्रैल से हाउस-लिस्टिंग का काम शुरू होना है जो सितंबर तक चलेगी। इस दौरान तैयार किए गए ब्लॉक के हिसाब से घरों की काउंटिंग की जाएगी। फरवरी के पहले हफ्ते में करीब 3200 से 3500 न्यूमेटर (घरों की काउंटिंग करने के लिए मुलाजिमों) की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके बाद स्पेशल ट्रेनिंग दी जानी है। इससे तय समय पर हाउस लिस्टिंग का काम शुरू कराया जा सके। बता दें कि करीब 20 वार्डों में ब्लॉक बनाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। फील्ड में जिन जेई की ड्यूटी लगाई गई है, वह ब्लॉक तैयार करने के बाद रेजीडेंशियल, नीचे दुकान ऊपर रिहायशी, खाली पड़ी बिल्डिंग, कॉमर्शियल, स्कूल-कॉलेज, मंदिर गुरुद्वारा, मैरेज पैसेल, गली का नाम क्या है, आबादी का नाम, लैंडमार्क, किस ब्लॉक में है यह सारी रिपोर्ट डिटेल में तैयार करेंगे। 2011 की जनगणना के मुताबिक शहर की आबादी करीब 11.32 लाख थी। गौर हो कि हर बार 10 साल बाद जनगणना कराई जाती थी, लेकिन इस बार कोरोना के कारण साल 2021 में जनगणना नहीं कराई जा सकी थी। अब हाउसहोल्ड और पॉपुलेशन की काउंटिंग को लेकर तेजी से प्रक्रियाएं चल रही है। इस बार डिजिटल जनगणना कराए जाने से सटीक आंकड़े आने के अनुमान हैं।


