पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चला रखा है, वहीं विदेश में बैठे गैंगस्टर फिरौती मांगने से बाज नहीं आ रहे। 4 दिन से पुलिस गैंगस्टरों के गुर्गों को काबू कर रही है मगर उनमें पुलिस का कोई डर देखने को नहीं मिल रहा है। गैंगस्टरों ने अब विदेश में बैठे परिवार के सदस्यों को टारगेट करना शुरू कर दिया है। इस तरह का देहाती में डेढ़ माह में यह तीसरा मामला सामने आया है जिसमें गैंगस्टर प्रभ दासूवाल ने एक व्यक्ति को विदेश से कॉल कर 90 लाख की फिरौती मांगी। पैसे न देने पर विदेश में रह रहे उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। थाना घरिंडा पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मुहावा के रहने वाले हरप्रीत सिंह ने बताया कि 19 जनवरी को अपने डेयरी फार्म पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल नंबर पर विदेशी नंबर से पहले व्हाट्सएप पर हैलो का मैसेज आया। कुछ देर बाद उसी नंबर से कॉल आई। कॉल उठाने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को प्रभ दासूवाल बताते हुए कहा कि करीब 3 महीने पहले उसने किसी से 90 लाख रुपए की फिरौती ली थी और 5 किलो हेरोइन पकड़वाई थी। आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि उसका एक भाई विदेश में रहता है और अगर 90 लाख रुपए नहीं दिए गए तो उसे नुकसान पहुंचाया जाएगा। इसके बाद 20 जनवरी को आरोपी ने 3 बार कॉल की, जिन्हें उसने डर के कारण रिसीव नहीं किया। बाद में आरोपी ने व्हाट्सएप पर मैसेज और कॉल रिकॉर्डिंग भेजकर फिर से धमकी दी। इस केस के जांच अधिकारी एएसआई दर्शन मसीह ने बताया कि इस मामले में जांच कर रहे हैं। गैंगस्टर ने शिकायतकर्ता पर भी 3 महीने पहले 90 लाख रुपए फिरौती लेने का आरोप लगाया है। इस एंगल में पड़ताल कर रहे हैं। गौर हो कि बंबीहा ग्रुप के गैंगस्टर ही अब फिरौती के मामलों में विदेश बैठे परिवारों के सदस्यों को टारगेट कर रहे हैं। करीब डेढ़ माह में आए 3 केसों में बंबीहा ग्रुप के प्रभ दासूवाल, डोनी बल, गोल्डी बराड़ और विक्की पहलवान के नाम सामने आए हैं। जिन्होंने धमकी देते हुए फिरौती की मांग की। यह सभी आरोपी अमेरिका में बैठे हुए है। इनकी ओर से पंजाब में गैंगवार के दौरान कई हत्याओं की जिम्मेदारियां भी ली गई हैं। डेढ़ माह में देहाती में विदेश रह रहे परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने का तीसरा मामला सामने आया है। इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को गैंगस्टर डोनी बल ने राजासांसी के रहने वाले एक डाक्टर को कॉल कर 10 लाख की फिरौती मांगी थी। पैसे न मिलने पर कनाडा रह रहे बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं 13 दिसंबर 2025 को विदेश में रह रहे लोपोके के रहने वाले युवक युवराज सिंह से 5 लाख डॉलर की फिरौती मांगी गई थी। पैसे न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई। यह पैसे गोल्डी बराड़ और विक्की पहलवान ने मांगे थे।


