गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अटारी बॉर्डर पर देशभक्ति, फिटनेस और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 58वें संस्करण का, जिसे इस बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस को समर्पित किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद धूप की पहली किरण के साथ सैकड़ों लोग साइकिल लेकर सड़कों पर उतरे और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अभियान का शुभारंभ केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने पुडुचेरी के कराईकल से किया। उन्होंने पहली बार वोट देने वाले युवाओं से मुलाकात की और उनके साथ साइकिल चलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मंडाविया ने कहा कि जब देश का युवा फिट रहेगा और मतदान करेगा, तभी भारत एक मजबूत राष्ट्र बनेगा। अटारी-वाघा रोड पर आयोजित इस 10 किलोमीटर की रैली में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों और युवा मतदाताओं को सम्मानित किया। इस खास मौके पर ओलंपियन बॉक्सर निखत जरीन, क्रिकेटर सिद्धार्थ कौल, अभिनेता विवेक दहिया, रागिनी द्विवेदी और आशिता दत्त जैसे सितारों ने भी शिरकत की। निखत जरीन ने बॉर्डर पर इतने भव्य आयोजन के लिए बीएसएफ और खेल मंत्रालय की सराहना करते हुए युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत जोशीले जुम्बा सेशन और पंजाबी संगीत के साथ हुई। रैली में बीएसएफ जवान, स्कूली बच्चे, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के छात्र और आम नागरिकों सहित 1500 से अधिक साइकिल सवारों ने हिस्सा लिया।


