श्री मारवाड़ी पंचायती बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जी ट्रस्ट के पदाधिकारियों के चुनाव में प्रधान सुनील गुप्ता के गुट ने अपनी सत्ता बरकरार रखते हुए बड़ी जीत हासिल की है। घी मंडी स्थित शिवाला मंदिर श्री भूतनाथ में हुए मतदान में सुनील गुप्ता समर्थकों ने महासचिव और उप-प्रधान सहित सभी प्रमुख पदों पर कब्जा कर लिया है। रविवार को हुए मतदान में कुल 1178 वोटों में से 712 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुनील गुप्ता गुट के वरुण नेवटिया ने 332 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंदी ऋषि पोद्दार को 124 मतों के अंतर से हराया। तीसरे उम्मीदवार राजेश केजरीवाल को केवल 100 वोट मिले। महासचिव पद के उम्मीदवार संजय केजरीवाल ने 382 वोट प्राप्त कर विजय सिंघानिया 64 मतों के अंतर से पराजित किया। विजय सिंघानिया को 318 वोट पड़े। इसी तरह कोषाध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जहां विक्रम गोयल ने मात्र 12 मतों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की। गोयल को 296 और संजय वागला को 284 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद के तीसरे उम्मीदवार अमित गोयंका को 116 वोट मिले। इसी तरह संयुक्त कोषाध्यक्ष पद पर संजय गुप्ता ने जीत दर्ज की है। उन्होंने विपुल नेवतिया को 115 वोटों के अंतर से पराजित किया है। संजय गुप्ता को 403 वोट हासिल हुए हैं जबकि विपुल को 288 वोट हासिल हुए हैं। प्रधान संजय गुप्ता के सामने किसी भी उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं करने के कारण उन्हें पहले ही निर्विरोध प्रधान चुन लिया गया था। इसी तरह आनंद बंसल के सामने भी उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं करने के नतीजन वह भी निर्विरोध वरिष्ठ उप प्रधान चुन लिए गए थे।


