झुंझुनू के मण्डावा कस्बे में देर शाम एक युवक की अपहरण की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। रात तक पुलिस की खूब परेड हुई। बाद में मामला दोस्तों में आपसी विवाद निकला। एएसआई मुलायम सिंह ने बताया कि शनिवार देर शाम को एक युवक के अपहण की सूचना मिली थी। कुछ लोग एक युवक का गाड़ी में अपहरण करके ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गाड़ी का पीछा किया। हालांकि, बाद में यह खुलासा हुआ कि यह घटना किडनैपिंग की नहीं थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि झुंझुनूं से आए युवक और उसके दोस्तों के बीच एक मामूली विवाद था। इस कारण वह युवक अपने दोस्तों के साथ नहीं जाना चाहता था। अन्य साथी उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे, जिसे किडनैपिंग जैसा समझा गया। युवक को गाड़ी में ले जाने के सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिससे अफरा- तफरी मच गई थी। पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर युवकों को पकड़ा तो मामले की हकीकत सामने आई। पुलिस ने कार में सवार चार जनों को शांति भंग में गिरफ्तार किया है।


