दंतेवाड़ा| बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दो जवान घायल हो गए। घायलों में एक जवान बीजापुर डीआरजी तथा दूसरा जवान दंतेवाड़ा डीआरजी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कर्रेगुट्टा इलाके में सीआरपीएफ का कैंप स्थापित किए जाने के बाद से लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी जवानों की टुकड़ी की चपेट में आ गए, जिससे दोनों जवान घायल हो गए। घायल जवानों को बीजापुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।


