भास्कर न्यूज | नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से निकलकर फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले बाल कलाकार अजमत फरीदी ने एक बार फिर जिले, बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोर छंइहा-भुईया पार्ट–3” में उत्कृष्ट अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट चाइल्ड एक्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही इस फिल्म को छत्तीसगढ़ फिल्म फेयर के अंतर्गत बेस्ट मूवी और मूवी ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित अवार्ड भी प्राप्त हुआ है। अजमत फरीदी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वे एक मिडिल क्लास परिवार से आते हैं। उनके पिता समीर फरीदी, अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा जनपद पंचायत में सहायक ग्रेड–3 के पद पर पदस्थ हैं, जबकि उनकी माता सफीना फरीदी बाल विकास विभाग में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और माता-पिता की व्यस्त शासकीय जिम्मेदारियों के बावजूद परिवार ने अजमत के सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया। एसबी फरीदी पेशे से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और वे अक्सर अजमत को शूटिंग के लिए ले जाते हैं, साथ ही पूरी शूटिंग अवधि के दौरान उनकी देखभाल, अनुशासन और पढ़ाई का भी विशेष ध्यान रखते हैं। परिवार के इस मजबूत सहारे ने अजमत को आत्मविश्वास और स्थिरता दी है। अजमत फरीदी वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय में अध्ययनरत हैं और पढ़ाई के साथ-साथ अपने अभिनय के सपनों को भी पूरी मेहनत, लगन व अनुशासन के साथ संवार रहे हैं। बाल कलाकार की भूमिका निभा रहे: फिलहाल अजमत फरीदी छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की अन्य फिल्मों में भी बाल कलाकार की महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं, जिनकी शूटिंग लगातार जारी है। कम उम्र में मिली यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है। अवार्ड मिलने के बाद नारायणपुर जिले में खुशी की लहर है। जिले वासी अजमत फरीदी, उनके माता-पिता और दादा एसबी फरीदी साहब को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अजमत फरीदी इससे पहले इंडिया गॉट टैलेंट जैसे राष्ट्रीय मंच पर मलखंब टीम के साथ पहुंचकर नारायणपुर, बस्तर और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वहां पूरे देश में प्रथम स्थान भी हासिल कर चुके हैं। इस मंच पर उनकी प्रतिभा को शिल्पा शेट्टी और मशहूर सिंगर बादशाह जैसे दिग्गजों ने सराहा था। इसी पहचान के बाद उन्हें फिल्म “मोर छैया भुइयां पार्ट–3” में बाल कलाकार के रूप में अवसर मिला।


