मधुपुर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल बकुलिया झरना में रविवार की सुबह एक दुखद घटना सामने आई। वाबनबीघा निवासी शंकर राय की 20 वर्षीय पत्नी आशु कुमारी की झरने में डूबने से मौत हो गई। आशु अपने परिवार के साथ झरना देखने आई थी। घटना उस समय हुई जब आशु झरने में नहा रही थी और अचानक गहरे पानी में चली गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। स्थानीय ग्रामीणों को सूचना दी गई, जिन्होंने भी बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सुरक्षा को लेकर उठे सवाल सूचना मिलते ही मधुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी त्रिलोचन तमसोय और एएसआई सामंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने बकुलिया झरना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि यहां न तो गहरे पानी की चेतावनी के संकेत हैं और न ही कोई बैरिकेडिंग की व्यवस्था है। इस दुर्घटना ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।


