पंजाब के नवांशहर में गुरुवार शाम एक जिम में व्यायाम कर रहे युवक पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में निशान सिंह नाम का युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी बांह में चोट आई है। घटना शाम 6 बजे के आसपास नवांशहर रोड स्थित एक जिम में हुई। निशान सिंह, जो फाइनेंस का काम करते हैं और कुछ समय पहले ही ऑस्ट्रेलिया से लौटे हैं, अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या के अनुसार जिम में व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश हमलावर जिम में घुस आए। एक हमलावर ने खंडा (हथियार) से निशान पर वार किया, जिसे उन्होंने अपने हाथ से रोकने की कोशिश की और इस दौरान उनकी बांह में चोट लग गई। दूसरे हमलावर ने पिस्तौल से तीन गोलियां चलाईं। अपनी जान बचाने के लिए निशान जिम की किचन में भाग गए, जहां हमलावरों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। गोलियों की आवाज सुनकर जिम में मौजूद अन्य लोग बाहर भाग गए। वहीं वारदात के बाद हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। पूरी घटना जिम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल निशान को पहले मुकंदपुर के सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें नवांशहर के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना औड़ की एसएचओ नरेश कुमारी और नवांशहर के डीएसपी राज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है।


