पहली बार कमार बस्तियों तक पहुंची पक्की सड़क

भास्कर न्यूज| महासमुंद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत महासमुंद के ग्रामीण इलाकों में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। जनपद क्षेत्र-10 के ग्राम सोरिद से कमार डेरा तक 101.34 लाख रुपये की लागत से निर्मित पक्की सड़क का कार्य पूर्ण होने पर जनपद सभापति (संचार एवं संकर्म) सुधा योगेश्वर चंद्राकर ने कार्य का अवलोकन किया और ग्रामीणों को इस बड़ी सौगात के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि सोरिद से कमार डेरा तक बनी इस सड़क का लाभ न केवल कमार बंधुओं को मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के लिए पढ़ाई का रास्ता भी सुगम हो जाएगा। इस मार्ग के बनने से कौंदकेरा, बंसीवनी, नवाडीह और जूनाडीह के ग्रामीणों को महासमुंद जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त और सुगम पक्की सड़क मिल गई है। पक्की मुख्य सड़क के साथ-साथ सोरिद और बंसीवनी की कमार बस्तियों में विकास के अन्य कार्य भी पूर्ण किए गए हैं। दोनों बस्तियों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण हुआ है। मिनी हाईमास्क लाइट लगने से गलियां दूधिया रोशनी में नहा रही हैं। सोरिद और बंसीवनी कमार डेरा के निवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आजादी के बाद यह पहला मौका है जब किसी जनप्रतिनिधि के प्रयासों से उनके डेरे तक पक्की सड़क, बिजली और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *