धौलपुर | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा रविवार को रेलवे स्टेशन स्थित पार्किंग में टेंपो चालकों के साथ समझाइश अभियान चलाया गया। परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने टेंपो चालकों से कहा कि वह नगर परिषद परमिट क्षेत्र में ही अपने टेंपो का संचालन करें। परमिट क्षेत्र की परिधि से बाहर टेंपो चलने पर आपके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी । यदि आप परिधि क्षेत्र के बाहर टेंपो का संचालन करते हैं और दुर्भाग्य से कोई दुर्घटना घटित हो जाती हैं,तो ऐसे में बीमा कंपनी का दायित्व स्वत: ही समाप्त हो जाएगा। इसलिए सुरक्षित परिवहन के लिए आप यातायात नियमों का पालन करें तथा नगर परिषद क्षेत्र की परिधि में ही अपने टेंपो का संचालन करें। उन्होंने टेंपो चालकों से कहा कि परिवहन के दौरान यदि कोई घायल आपको नजर आए तो उसे तत्काल प्रभाव से चिकित्सालय पहुंच कर गुड्स सेमी रिटर्न बने। इस अवसर पर उन्होंने टेंपो चालकों की समस्याएं सुनी। टेंपो चालकों ने बताया कि शहर में पार्किंग व्यवस्था का अभाव है । ऐसे में उन्हें टेंपो संचालन करने में दिक्कतें उत्पन्न होती है। टेंपो पर सड़क विशेष पर चलने के लिए नंबर अंकित कराए जाएं जिससे टेंपो चालक अपने निर्धारित पथ पर ही टेंपो का संचालन करें । टेंपो संचालन की रेट निर्धारण करने की तथा परिवहन के दौरान आए दिन होने वाली समस्याओं के बारे में परिवहन निरीक्षक को अवगत कराया। इस अवसर पर परिवहन निरीक्षक द्वारा टेंपो चालकों के टेंपो पर यातायात नियमों संबंधित स्टीकर लगाए गए।


