धौलपुर। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहर की ऐतिहासिक धरोहर घंटाघर पर धौलपुर पुलिस द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस बैंड ने वंदे मातरम,जन-गण-मन सहित अन्य राष्ट्रभक्ति गीतों का सशक्त वादन कर माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक,युवा और व्यापारी वर्ग मौजूद रहे। जैसे ही बैंड की धुनें गूंजीं,लोगों ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। भारत माता की जय के नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा। कई लोगों ने मोबाइल में इस ऐतिहासिक पल को कैद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं,बल्कि देश की आत्मा और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा हैं। इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना हैं। घंटाघर परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और कार्यक्रम ने नागरिकों में गर्व और एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस लाइन धौलपुर के कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा,एल. ओ. मोहन सिंह सहित बैंड के अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


