भीलवाड़ा में रविवार को बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी, जो हेड कॉन्स्टेबल के जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली सीधे आरोपी के पैर पर लगी। फायरिंग की आवाज सुन इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना आज शाम करीब 5 बजे भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र के हाथीभाटा आश्रम इलाके में हुई। पुलिस ने जयपुर थाने के वांटेड आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके एक साथी संदीप को भी पकड़ा है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के मूवमेंट की जयपुर पुलिस से सूचना मिली थी। उस पर जयपुर के कई थानों में 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा- आरोपी चाहे कोई भी हो, अगर वो फायरिंग करता है तो उस पर जवाबी फायरिंग की जाएगी। हालांकि पूरा रिकॉर्ड फिलहाल खंगाला जा रहा है। 3 प्वॉइंट्स में समझिए पूरा घटनाक्रम मांडल की ओर से आ रही थी आरोपी की कार
पुलिस को सूचना मिली थी जयपुर में फायरिंग समेत कई केस का आरोपी जीतू उर्फ जितेंद्र सिंह भीलवाड़ा में है। वह पुर थाना क्षेत्र के हाथीभाटा आश्रम की ओर आ रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी की और शाम 5 बजे मांडल की ओर से आ रही ग्लैंजा कार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन कार नहीं रूकी। भारी पुलिस जाब्ता देखकर बदमाश ने थोड़ा आगे जाकर गाड़ी रोकी और निकलते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। टास्क फोर्स इंचार्ज के जैकेट पर लगी गोली
बदमाश की ओर से फायरिंग करने पर एक गोली एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टास्क टीम के इंचार्ज कालूराम धायल की डीपी जैकेट में लगी। फायरिंग में वे बाल-बाल बचे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो बदमाश जीतू के पैर पर लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसके साथी संदीप को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल और कार को जब्त कर लिया है। एसपी बोले- गोली का जवाब गोली से देंगे
फिलहाल घायल जितेंद्र का भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस अब दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है। साथ ही जयपुर फायरिंग से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में भी कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी चाहे कोई भी हो, अगर वो फायरिंग करता है तो उस पर जवाबी फायरिंग की जाएगी। उसकी गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।


