पाली | गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार शाम को जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में श्री रतनचंद लोढ़ा बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिसर में सांस्कृतिक संध्या हुई। शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदेमातरम की गूंज के साथ हुआ। हंस निर्वाण सरस्वती स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल जाडन, सेंट पॉल, जी माउंट लिट्रा और बांगड़ कॉलेज सहित 15 से ज्यादा प्रमुख शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। मंच पर जहां एक ओर देशभक्ति के गीतों पर जोशीले नृत्य हुए, वहीं दूसरी ओर राजस्थान की लोक संस्कृति की मनमोहक छटा भी बिखेरी। कलेक्टर एलएन मंत्री, एसडीएम विमलेंद्र राणावत, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राहुल राजपुरोहित और बांगड़ स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत कुमार बतौर अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिभावक, विद्यार्थी और शहर के लोग मौजूद रहे।


