जैसलमेर स्वर्ण नगरी में आज 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया जा रहा है। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित होगा, जहाँ देश की आन-बान और शान का प्रतीक तिरंगा पूरे गौरव के साथ फहराया जाएगा। कलेक्टर करेंगे मार्च पास्ट की सलामी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य समारोह सुबह 9.05 बजे शुरू होगा। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात वे परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसाराम सैनी राज्यपाल के संदेश का पठन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों से सजेगी महफिल शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले समारोह में देशभक्ति के रंग बिखेरते विभिन्न कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम (पीटी) का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से विकास को दर्शाती झांकियां निकाली जाएंगी। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 41 प्रतिभाओं और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। नेताओं और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी और पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह दिन हमें संविधान की रक्षा और देश की अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र की प्रगति में सहभागी बनें और सौहार्द बनाए रखें।


