झारखंड के कोडरमा में एक शोरूम मालिक की क्रूरता का मामला सामने आया है। जगुआर शोरूम के मालिक अशोक यादव ने चोरी के शक में दो युवकों को ट्रक से बांधकर बेरहमी से पीटा। इस पिटाई में पीड़ित मो हसन सिद्दीकी और उसके भाई मो सैफ सिद्दीकी को चोटें भी आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई। वहीं शोरूम मालिक को भी बुला कर उनसे पूछताछ की। क्या है पूरा मामला पीड़ित युवक के मुताबिक वे शौच के लिए गए थे। उधर एक कमरा था, जिसमें कबाड़ रखा हुआ था। हमदोनों को शोरूम के स्टाफ ने देख लिया। इसके बाद चोरी का आरोप लगा कर पिटाई करने लगे। मामले में शोरूम मालिक अशोक यादव का कहना है कि इन युवकों ने कुछ दिन पहले उनके शोरूम और पास के होटल में चोरी की थी। जब उन्होंने बिना बताए शोरूम में घुसने के बारे में पूछताछ की, तो युवकों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने युवकों को ट्रक से बांध दिया और उन्होंने भी लाठी से पिटाई की। क्या कहती है पुलिस तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


