फाजिल्का के ट्रक यूनियन चौक के पास फुटपाथ पर एक बेघर व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। शिवसेना बालठाकरे शिंदे ग्रुप के जिला अध्यक्ष उमेश कुमार के अनुसार, जब उनकी टीम मौके पर पहुंची, तब व्यक्ति की सांसें चल रही थीं। टीम ने तुरंत सरकारी एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरन निजी एम्बुलेंस से मरीज को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवसेना का आरोप है कि यदि सरकारी एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो शायद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती थी। मृतक की पहचान गांव खुईखेड़ा के एक निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अकेला रहता था और फुटपाथ पर ही अपना जीवन व्यतीत करता था। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से संपर्क करने की अपील की है। कोई भी पारिवारिक सदस्य शिवसेना के पदाधिकारियों या सरकारी अस्पताल से संपर्क कर सकता है।


