दौसा जिले की मंडावर थाना पुलिस ने गौरक्ष आश्रम रसीदपुर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सामान को भी बरामद कर लिया है। घटनाक्रम के संबंध में 10 जनवरी को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा 8 जनवरी की रात को आश्रम से गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी दीपक शर्मा निवासी समूची फाटक के पास खेड़ली और अरुण बंजारा निवासी बड़ी पोखर खेड़ली जिला अलवर को गिरफ्तार किया है। थाना इंचार्ज कमलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में 10 मामले दर्ज हैं। ऐसे में चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना के चलते गहन पूछताछ जारी है।


