झाबुआ के पास रंगपुरा में बैराज के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। किसानों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान गुजरात के दाहोद जिले के पेठापुर निवासी मनोज उर्फ भोला पिता डामोर वाल्मिकी के रूप में हुई, जो एक निजी स्कूल में शिक्षक था। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसी बीच पेठापुर गांव से चौंकाने वाली खबर सामने आई। यहां पनिया झील के पास रानीयार इनामी गांव की नर्स सोनम पनाड़ा का शव मिला। उसकी धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या की गई थी। शव के पास मिले बैग में उसी स्कूल के पर्चे थे, जहां मनोज कार्यरत था। दोनों घटनाओं से कई सवाल खड़े हो गए हैं। झाबुआ और दाहोद जिले की पुलिस आत्महत्या और हत्या के मामलों की जांच कर रही है।


